[ad_1]








– प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने निगम आयुक्त का पुतला भी फूंका
यमुनानगर,19 जनवरी (हि.स.)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले शुक्रवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने समान काम समान वेतन के एरियर के भुगतान न होने पर शहर में उल्टी झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त का पुतला भी फूंका।
नगर में पिछले 11 दिन से सफाई कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारी संघ के जिला प्रधान प्रवेश परोचा व राज्य महासचिव मांगेराम तिगरा ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि नगर निगम प्रशासन एरियर का भुगतान नहीं कर रहा है, जबकि अन्य जिलों के नगर निगमों, परिषदों व पालिकाओं ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार समान काम समान वेतन के एरियर का भुगतान कर दिया है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम यमुनानगर में भी कर्मचारियों के धरना प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों के लिए वेतन तो लागू कर दिया। इसके एरियर के भुगतान के लिए निगम प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि एक महीने बाद एरियर का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन आठ महीने का समय बीत जाने के बाद एरियर का भुगतान नहीं किया गया। जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने ने चेतावनी देते हुए कहा अगर कर्मियों का जल्द ही एरियर का भुगतान नहीं किया गया तो मजबूरन आन्दोलन को और तेज करना पडेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी के मौके पर कर्मचारियों ने काम बंद करने पर शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा जाएगी। इसकी सारी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सफाईकर्मी शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/सुनील