[ad_1]

मुकुंद
इस साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर क्लिरनेट के हैशटैग ‘शी विनर कैंसर’ ने लाखों महिलाओं को जागरूक किया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्तन, सर्वाइकल, गर्भाशय और अंडाशय के कैंसर के बारे में आवश्यक जानकारी देना था। इस अभियान में देशभर के प्रसिद्ध स्त्री रोग एवं कैंसर रोग विशेषज्ञों के 1000 से अधिक वीडियो स्थानीय भाषाओं में क्लिरनेट के आभासी मंच डॉक ट्यूब पर हर 15 मिनट में जारी किए गए। इस अभियान में 10 लाख से अधिक दर्शक जुड़े। एक मार्च से शुरू यह अभियान 10 मार्च तक चला। इस अभियान से जुड़ने वाले भारत के 500 से अधिक स्त्री रोग और कैंसर रोग विशेषज्ञ इस सफलता से गदगद हैं।
इस अभियान के दौरान यह सामने आया है कि दर्शकों का सर्वाधिक फोकस गर्भाशय कैंसर से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने पर अधिक रहा। कैंसर से संबंधित मिथक और जोखिम कारकों के बारे में जानकारी देने वाले वीडियो सबसे ज्यादा देखे गए। मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता जैसे महानगरों के डॉक्टरों ने इस अभियान में सक्रिय सहयोग किया। क्लिरनेट के सह संस्थापक सौरव कसेरा का कहना है कि सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए इस अभियान की परिकल्पना कैंसर के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखकर की गई।
उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, साल 2022 में दुनिया भर में कैंसर के 20 मिलियन से अधिक नए मरीज सामने आये। इनमें सिर्फ भारत में 1.4 मिलियन से अधिक मरीज शामिल थे। इन 1.4 मिलियन लोगों में 50 फीसद से अधिक महिलाएं प्रभावित हुईं थीं। इसीलिए हैशटैग शी विनर कैंसर शुरू किया है। क्लिरनेट की कोशिश है कि भारतीय महिलाओं और उनके परिवारों को कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जीत हासिल करने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। खुशी की बात यह रही कि इस अभियान से पूरे भारत के सम्मानित एवं वरिष्ठ चिकित्सक भी जुड़े। इस पहल का नेतृत्व करने वाले प्रमुख डॉक्टर्स में कोलकाता की जानी-मानी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रत्नाबली चक्रवर्ती शामिल रहीं।
हैदराबाद के उस्मानिया मेडिकल कॉलेज में प्रसूति व स्त्री रोग विभाग की सेवानिवृत्त प्रोफेसर और पूर्व अध्यक्ष डॉ. अंबुजा चोरानूर और मैक्स अस्पताल में कैंसर देखभाल और ऑन्कोलॉजी विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार जुल्का ने अहम भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त मुंबई की प्रसिद्ध स्त्री रोग और आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. दुरु शाह के अलावा सम्मानित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. किरण कोहेलो का सहयोग भी अहम रहा। अभियान में अहम मार्गदर्शन के रूप में हैदराबाद की पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. मंजुला अनागानी और मुंबई की प्रसिद्ध स्त्री रोग व आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. नंदिता पलशेतकर की सलाह बहुत काम आई।
वह कहते हैं कि इस अभियान को आईसीआईसीआई बैंक जैसे उद्योग जगत के दिग्गजों और पद्म भूषण गायिका उषा उथुप जैसी हस्तियों का भी समर्थन मिला। शी विनर कैंसर अभियान ने महिलाओं को कैंसर के खिलाफ लड़ाई में सशक्त बनाने की दिशा में अमिट छाप छोड़ी है। यहां यह जानना जरूरी है कि क्लिरनेट और डॉक ट्यूब क्या हैं? क्लिरनेट मुंबई स्थित एक हेल्थ टेक स्टार्टअप है। यह डॉक्टर्स और जनता को विश्वसनीय स्वास्थ्य ज्ञान उपलब्ध कराता है। क्लिरनेट का लक्ष्य स्वस्थ और खुशहाल समाज का निर्माण करना है। क्लिरनेट में 700,000 से अधिक डॉक्टर्स अपना सहयोग करते हैं। डॉक ट्यूब देश का सबसे बड़ा वीडियो आधारित हेल्थ प्लेटफॉर्म है। इस प्लेटफॉर्म में व्यक्ति देश के प्रसिद्ध एवं सम्मानित डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी मुफ्त प्राप्त कर सकता है। डॉक ट्यूब में 10,000 से ज्यादा डॉक्टर्स के 30,000 से अधिक स्वास्थ्य वीडियो की विशाल लाइब्रेरी मौजूद है।
(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)
हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद
/मुकुंद