[ad_1]






– देवरिया के एसएसबीएल इंटरमीडिएट कालेज में हुई गिरफ्तारी
– बिहार के मुंगेर का रहने वाला चंद्रभूषण, अजित नाम के अभ्यर्थी के स्थान पर दे रहा था परीक्षा
गोरखपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन दो पालियों में हुई परीक्षा में जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 50 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। शांतिपूर्ण हुई परीक्षा में किसी भी गड़बड़ी को रोकने मे लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहे। बता दें कि दोनों दिन की चार पालियों में कुल एक लाख तीन हजार 88 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने हैं।
इधर, देवरिया जिले के एसएसबीएल इंटरमीडिएट कालेज में एक मुन्ना भाई की गिरफ्तारी भी हुई। बिहार प्रांत के मुंगेर जिले का रहने वाला चंद्रभूषण नाम का युवक अजित नाम के अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए गिरफ्तार किया गया है।
इधर, गोरखपुर में बनाये गये 47 परीक्षा केंद्रों पर प्रति पाली में लगभग 25 हजार 772 अभ्यर्थी शामिल हुए। दोनों पालियों में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या लगभग 50 हजार रही। यहाँ परीक्षा देकर बाहर निकलने वाले अभ्यर्थी काफी खुश दिखे। इनका कहना था कि थोड़ा भी पढ़ाई करने वाला अभ्यर्थी अवश्य क्वालिफाई कर लेगा।
इसी प्रकार बस्ती जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा शनिवार को 22 केंद्रों पर हुई। परीक्षा संचालन के लिए बोर्ड के निर्देश पर सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। सेक्टर मजिस्ट्रेट सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद दिखे। यहाँ लगभग 20 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दिया। दो दिनों में कुल 40 हजार अभ्यर्थियों को यहाँ परीक्षा में शामिल होना है। एसपी सिटी कृष्ण विश्नोई के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से पांच बजे तक आयोजित हुई। अभ्यर्थियों को तय समय से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना था। आई स्कैन करने के बाद केंद्र व्यवस्थापकों की देखरेख में अभ्यर्थियों को प्रवेश दिय गया। शहर के नौ चौराहे बक्शीपुर, अग्रसेन चौराहा, विजय चौराह, गणेश चौराहा, हरीओमनगर चौराहा, अम्बेडनगर चौराहा, टाउनहाल, रेलवे स्टेशन रोड, कचहरी बस स्टैंड समेत अन्य के आसपास के विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है।
इधर, महराजगंज जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार और रविवार को पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा की दो दिनों की चार पालियों में कुल 12,288 परीक्षार्थी शामिल होने हैं, जिनमें से लगभग आधे की संख्या में यहाँ पहुंचे अभ्यर्थियों ने कुल 26 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे ली है।
निरीक्षण करते रहे मंडलायुक्त
मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने उप पुलिस महानिरीक्षक आनंद सुरेशराव कुलकर्णी के साथ जनपद में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड परीक्षा के केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने दिग्विजय नाथ स्नाकोत्तर कॉलेज सिविल लाइन, अयोध्या दास राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय जुबली इंटर कॉलेज तथा मियां साहब इस्लामिया इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर केन्द्रों की व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों के कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं की जांच की और कक्ष निरीक्षकों को उनकी ड्यूटी पर अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश भी दिया।
किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होने की चेतावनी भी दी। सभी केन्द्रों के कंट्रोल रूम में जाकर प्रत्येक कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी जांच किया। इस दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक को प्रत्येक विद्यार्थी की बायोमेट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश दिये जाने की जानकारी मिली। इस दौरान कोई भी विद्यार्थी संदिग्ध नहीं मिला।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. आमोदकांत /बृजनंदन