[ad_1]

मामले के चार आरोपी पहले ही किए जा चुके गिरफ्तार
हिसार, 22 मार्च (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने टेलीग्राम यूजर से घर बैठे पैसे कमाने के लिए टास्क पूरा करने के नाम से 8 लाख 9 हजार 469 रूपये ठगने के मामले में शुक्रवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली के मंडावली शकूरपुर निवासी जयकुमार और प्रशांत कुमार शामिल है।
जांच अधिकारी एएसआई नरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि उक्त आरोपी टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने के नाम पर की गई आठ लाख 9 हजार 469 रूपये की ठगी की वारदात में शामिल थे। पुलिस द्वारा इस मामले में पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्हें पूछताछ अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में ठगी का शिकार हुए युवक ने साइबर थाना में शिकायत देकर बताया कि 27 अगस्त को उसके व्हाट्सएप पर घर बैठे पैसे कमाने का मैसेज आया। इस पर पीड़ित ने मैसेज भेजने वाले से पैसे कमाने के बारे में पूछा। इस पर उसने पीड़ित से कहा कि टेलीग्राम पर अकाउंट बनाओ। इसके उपरांत पीड़ित के पास एक लिंक आया और उस लिंक पर क्लिक करते ही एक साइट खुल गई और पीड़ित को मोबाइल नंबर से रजिस्टर्ड किया। लिंक के माध्यम से भेजी गई वेबसाइट पर पीड़ित को टास्क पूरा करने के लिए कहा गया और उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में भी जोड़ा गया, जिसमे पहले से ही 28 व्यक्ति जुड़े हुए थे। 28 अगस्त को मैसेज भेजने वाले ने पीड़ित से कहा कि 10 हजार रुपए टेलीग्राम के माध्यम से भेजो। इस पर पीड़ित ने 10 हजार रुपए भेजे और इसके बदले उसे 10900 रुपए प्राप्त हुए।
साथ ही बोनस के रुप में पीड़ित के खाते में 6 हजार 800 रुपये भी ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 29 अगस्त को पीड़ित को और अधिक बोनस का लालच देकर 50 हजार रुपए लगाने को कहा। इस पर पीड़ित ने 50 हजार रुपए उनके पास भेज दिए। इसके बाद मैसेज भेजने वाले ने पीड़ित से टास्क पूरा न होने के नाम पर 19 हजार 347 रुपए और मांगे। इसके बाद पीड़ित ने 1 लाख 50 हजार रुपए प्राप्त किए। अब पीड़ित को मैसेज भेजने वाले पर विश्वास हो गया कि वे सही लोग है। पीड़ित के पास मैसेज भेजने वाले और टेलीग्राम ग्रुप संचालक ने टास्क पूरा करने के नाम से अलग अलग डेट पर कुल 8 लाख 9 हजार 469 रुपए ठग लिए और टेलीग्राम ग्रुप को डिलीट कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर में केस दर्ज किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव