[ad_1]

जींद, 14 मार्च (हि.स.)। विद्यापीठ मार्ग पर गुरुवार को कुछ युवकों ने रंजिश के चलते प्रोपर्टी कार्यालय में घुस असलहा से फायर कर दो लोगों को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटनास्थल के पास ही कन्याओं का महाविद्यालय भी है, जिससे हडकंप मच गया। फिलहाल दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर सात निवासी 40 वर्षीय हरपाल तथा अर्बन एस्टेट निवासी नरेंद्र गुरुवार दोपहर बाद विद्यापीठ मार्ग पर अपने दोस्त के प्रोपर्टी कार्यालय में बैठे हुए थे। उसी दौरान कुछ युवक तेजधार हथियारों तथा डंडों के साथ कार्यालय में घुस आए और हमला कर दिया। इस दौरान युवकों ने अपने पास मौजूद असलहा से फायर भी किया। जिसमें गोली हरपाल को लगी व घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। दोनों युवकों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बुधवार शाम को गारमेंट्स की दुकान चलाने वाले युवक के साथ भी झगडा हुआ था।
घायल नरेंद्र ने बताया कि वह अपने दोस्त के कार्यालय में बैठे थे। तभी कुछ युवक अंदर घुस आए ओर उन पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही डीएसपी रोहताश ढुल, जोगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी रोहताश ढुल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस आसपास क्षेत्र में लगे सीसी टीवी कैमरों को खंगाल रही है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव