[ad_1]

– श्योपुर-खातौली रोड पर ढोटी गुरूद्वारा के पास हुआ हादसा
श्योपुर, 13 मार्च (हि.स.)। शादी समारोह से शामिल होकर लौट रहे दंपती की बाइक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कोटा रेफर कर दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
देहात थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मठेपुरा निवासी 30 वर्षीय रघुवीर उर्फ मिर्ची पुत्र बजरंगलाल माहौर व उसकी 28 वर्षीय पत्नी किरण प्रेमसर गांव में आयोजित शादी-समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी ढोटी-प्रेमसर के बीच ढोटी गुरू़द्वारा के सामने श्योपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार रघुवीर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में एक पैदल राहगीर भी घायल हुआ है। ट्रैक्टर इतनी तेज रफ्तार में था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली हाइवे से नीचे उतरकर पलट गए। पुलिस ने फरियादी ओमप्रकाश पुत्र मड्डू भोपा निवासी सांकुड़ली की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद