[ad_1]

जम्मू, 2 मार्च (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कन्वेंशन सेंटर में प्रेरणादायक महिलाओं का जश्न विषय पर राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यक्रम तू बोल को संबोधित किया।
उपराज्यपाल ने 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पहले अपनी प्रेरणादायक यात्रा को साझा करने के लिए सफल महिलाओं को एक साथ लाने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग के प्रयास की सराहना की। उपराज्यपाल ने कहा कि आज नारी शक्ति हमारी विकास यात्रा में सबसे आगे है और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन लैंगिक समानता और समानता का समर्थन करने के लिए अटूट समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण और समान अवसरों ने अनुच्छेद 370 की आड़ में पैदा की गई बाधाओं को खत्म कर दिया है।
उपराज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों और अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुझे हमारी नारी शक्ति पर गर्व है। शिक्षा से उद्यमिता तक, आईटी से कृषि क्षेत्र तक, खेल से विज्ञान तक, वे अपनी सफलता की कहानियां लिख रही हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने अपने संबोधन में युवा महिलाओं को निडर होकर बोलने के लिए प्रोत्साहित करने और सशक्तिकरण और समानता को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर सफल महिलाओं ने अपने संघर्ष और सफलता की यात्रा की कहानियां साझा कीं और दूसरों को अपने सपनों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर रमेश कुमार मंडलायुक्त जम्मू, आनंद जैन एडीजीपी जम्मू, राष्ट्रीय महिला आयोग और समाज कल्याण विभाग जम्मू-कश्मीर के अधिकारी, सफल महिलाएं और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/बलवान