[ad_1]

सिद्धार्थनगर,14 जनवरी(हि.स.)। पुलिस की संयुक्त टीम ने डुमरियागंज के बेवा चौराहा व कस्बा डुमरियागंज से बम्बई स्पेशल पंढरपुरी एवं एन.आर.टौबैक के नाम से नकली तम्बाकू बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा। इस छापेमारी में एक सौ आठ बोरी नकली तम्बाकू तथा पन्द्रह बोरी पैक की हुई सुर्ती बरामद की है। साथ ही पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी क्षेत्राधिकारी सुजीत कुमार राय ने रविवार को पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान अभियुक्त शिवम गुप्ता पुत्र खजान्ची व सुनीता पुत्री खजान्ची अग्रहरि तथा खुशबू पुत्री खजान्ची अग्रहरि निवासी बेवा चौराहा थाना डुमरियागंज को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में नकली तंबाकू व नकली तंबाकू बनाने से सम्बन्धित कच्चा माल व अन्य उपकरण बरामद किया हुआ है। बताया कि इनके पास तंबाकू बनाने का लाइसेंस नहीं है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 27 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ बलराम/राजेश
[ad_2]