[ad_1]

बेगूसराय, 17 जनवरी (हि.स.)। जदयू द्वारा 24 जनवरी को पटना में मनाए जाने वाले जननायक कर्पूरी ठाकुर के सौवें जयंती को लेकर महानगर जदयू की बैठक रतनपुर धर्मशाला में पूर्व महापौर-सह-नगर अध्यक्ष संजय कुमार की अध्यक्षता में आज हुई।
बैठक में संजय कुमार ने कहा कि नगर के सभी नौ सेक्टर स्थित 45 वार्ड में प्रत्येक वार्ड से कार्यकर्ता पटना जाएंगे और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करेंगे। जिसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने पटना में आयोजित विशाल कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं और बेगूसराय के कार्यकर्ताओं के प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास पुरुष है। उन्होंने बिहार में अनेकों क्षेत्र में विकास किया है, जिसकी सराहना पूरे देश में होती है। उनकी दूरगामी सोच बिहार वासियों के लिए गौरव की बात है। नीतीश कुमार न्याय के साथ विकास के संकल्प को पूरा करने में लगे रहते हैं।
पार्टी के प्रमंडल प्रभारी मुकेश विद्यार्थी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अक्षत बांट रही है, जबकि हमारे सरकार नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं। बिहार अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मुकेश कुमार जैन ने कहा कि महानगर जदयू के हजारों कार्यकर्ता संजय कुमार के नेतृत्व में पटना जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा