[ad_1]

कठुआ 12 फरवरी (हि.स.)। कठुआ में सोमवार को पीएचई विभाग के अस्थाई कर्मियों ने एक बार फिर से लंबित मांगों को लेकर एलजी सरकार के खिलाफ रोष प्रकट कर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में अस्थाई कर्मचारी लंबित मांगों को लेकर पिछले कई वर्षों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को लेकर अनदेखा कर रही है। जिस कारण उनके और उनके परिवार का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला कठुआ में लगभग 3000 के करीब अस्थाई कर्मचारी हैं जोकि पिछले 25 सालों से विभाग को सेवाएं दे रहे हैं और पिछले 25 माह का वेतन भी बकाया है जिस कारण उन्हें मजबूरन एक बार फिर से विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने ने कहा कि बकाया वेतन के कारण उनके परिवार की स्थिति खराब हो गई है। आने वाले दिनों में बच्चों के दाखिले भी करवाने हैं, उन्हें किताबें भी लेकर देनी है, लेकिन पिछला बकाया वेतन ना मिलने के कारण अपने बच्चों का भविष्य भी अंधकार में दिख रहा हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन का कड़ा रुख अपनाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/सचिन//बलवान