[ad_1]


बालुरघाट, 08 मार्च (हि.स.)। दक्षिण दिनाजपुर जिले के बंशीहारी थाना इलाके में टांगन नदी में शुक्रवार दोपहर नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। मृत किशोर का नाम उज्ज्वल मालपहाड़ी (17) था। वह बुनियादपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर पांच के बंशीहारी हाई स्कूल पाड़ा इलाके का निवासी था। नदी में डूबे किशोर को नदी से निकालकर रशीदपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक किशोर बुनियादपुर एकलव्य मॉडल स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। शिवरात्रि के अवसर पर वह अपने दोस्तों के साथ टांगन नदी घाट पर स्नान करने गया था। नहाने के कुछ देर बाद ही वह पानी में डूब गया।
मामले की जानकारी होते ही वहां मौजूद उसके दोस्त और स्थानीय लोग खोजबीन करने लगे। बाद में खबर उनके परिवार तक गई। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद आखिरकार मृत युवक का शव पानी में उतरता हुआ पाया गया।
परिजनों ने किशोर को नदी से निकाला और अस्पताल ले गए। सूचना मिलने के बाद बंशीहारी थाने की पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बालुरघाट जिला अस्पताल भेज दिया। हिन्दुस्थान समाचार/धनंजय /गंगा