[ad_1]

भोपाल, 1 मार्च (हि.स.)। रेल मंत्रालय द्वारा गाड़ी संख्या 11272/11271 भोपाल-इटारसी-भोपाल विंध्याचल एक्सप्रेस का दिनांक 01.03.2024/02.03.2024 से भोपाल मंडल के साँची स्टेशन पर प्रायोगिक तौर पर दोनों दिशाओं में ठहराव प्रदान किया गया है। सांसद विदिशा, रमाकांत भार्गव ने शुक्रवार को ट्रेन को झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया।
सांची स्टेशन पर शुक्रवार को गाड़ी संख्या 11272 भोपाल-इटारसी विंध्याचल एक्सप्रेस के 18.54 बजे पहुंचने पर ट्रेन का स्वागत किया गया। जिसके पश्चात सांसद रमाकांत भार्गव ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को गन्तव्य के लिए रवाना कर गाड़ी के ठहराव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक साँची डॉ.प्रभुराम चौधरी एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। रेल प्रशासन की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक सौरभ कटारिया सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
गाड़ी की समय-सारणी-
गाड़ी संख्या 11272 भोपाल-इटारसी विंध्याचल एक्सप्रेस साँची स्टेशन पर 18.54 बजे पहुँचकर, 18.56 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 11271 इटारसी-भोपाल विंध्याचल एक्सप्रेस साँची स्टेशन पर 08.18 बजे पहुँचकर, 08.20 बजे गन्तव्य के लिये प्रस्थान करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/नेहा