[ad_1]

मेरठ, 15 फरवरी (हि.स.)। अंतर्जनपदीय स्तर पर अवैध शस्त्राें की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10 अवैध पिस्टल बरामद हुई है। यह बदमाश मुजफ्फरनगर के विक्की त्यागी गिरोह के सदस्य को अवैध हथियार देने जा रहा था।
एसटीएफ उत्तर प्रदेश को काफी दिनों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले बदमाशों के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। एसटीएफ मेरठ यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह की टीम लगातार इन बदमाशों की तलाश में जुटी थी। एसटीएफ की टीम ने बुधवार देर रात मेरठ में मवाना बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप के पास से इस गिरोह के एक बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश की पहचान विनय त्यागी निवासी अम्हेटा शेख थाना देवबंद जनपद सहारनपुर के रूप में हुई। यह बदमाश मुजफ्फरनगर के विक्की त्यागी गिरोह के सदस्य रक्षित त्यागी को अवैध पिस्टल देने वाला था। बदमाश का एक साथी फरार हो गया। बदमाश के पास से दस अवैध पिस्टल .32 बोर, 12 मैगजीन 32 बोर, दो एटीएम कार्ड, एक मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में बदमाश ने एसटीएफ को बताया कि फरार हुए बदमाश का नाम रक्षित त्यागी पुत्र विक्की त्यागी निवासी पावटी थाना चरथावल मुजफ्फरनगर है। रक्षित त्यागी का रूहाना जनपद मुजफ्फरनगर में टोल का ठेका था। वह भी उसी टोल पर कार्य रता था। यहां उसी मुलाकात रक्षित त्यागी से हुई। इसके बाद विनय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर स्थित टोल पर काम करने लगा। रक्षित जब भी अपनी मां मीनू त्यागी से जिला कारागार अंबेडकरनगर मिलने जाता था तो विनय उसकी गाड़ी को टोल फ्री करा देता था। इसके बाद वह रक्षित त्यागी के लिए काम करने लगा। वह दस पिस्टल इंदौर से रक्षित के लिए लाने गया था। इस समय विक्की त्यागी गैंग को उसका बेटा रक्षित ही चला रहा है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/पवन