[ad_1]

जोधपुर, 25 जनवरी (हि.स.)। कथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान का राज्य स्तरीय कथा अलंकरण समारोह 28 जनवरी को दोपहर ढाई बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में कथा अलंकरण श्रंखला में वर्ष 2023-24 के लिए हिन्दी, राजस्थानी, उर्दू एवं असमिया भाषाओं के ग्यारह साहित्यकारों, एक सामाजिक कार्यकर्ता, तीन साहित्यिक पत्रिकाओं के संपादकों एवं दो पत्रकारों को अलंकृत किया जाएगा।
संस्थान के संस्थापक सचिव एवं साहित्यकार मीठेश निर्मोही ने बताया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश गोविन्द माथुर समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। वहीं जयनाराण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) केएन श्रीवास्तव एवं ब्रिटेन में हिन्दी के प्रख्यात प्रवासी भारतीय कथाकार तेजेंद्र शर्मा समारोह में विशिष्ट अतिथि होंगे। हिन्दी एवं उर्दू के जाने-माने शाइर एवं कथाकार हबीब कैफ़ी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। निर्मोही ने बताया कि समारोह में जोधपुर में जन्मी हिन्दी की जानी-मानी कथाकार मनीषा कुलश्रेष्ठ (जयपुर) तथा राजस्थानी भाषा के लब्ध प्रतिष्ठ निबंधकार एवं इतिहासकार प्रोफेसर जहूर खां मेहर को उनके समग्र सृजन कर्म तथा सीमान्त लोक संगठन के अध्यक्ष, पाक विशिष्ट संघ एवं यूनिवर्सल जस्ट एक्शन सोसाइटी उजास के संस्थापक तथा भारत में पाक विस्थापितों एवं दक्षिण एशिया के शरणार्थी अधिकारों के लिए के संघर्ष करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता हिन्दू सिंह सोढ़ा (जोधपुर) को उनके द्वारा की गई विशिष्ट सामाजिक सेवाओं के दृष्टिगत सूर्यनगर शिखर सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
कथा अलंकरणों की इस श्रृंखला में हिन्दी के सुप्रतिष्ठ कवि विनोद पदरज (सवाई माधोपुर) को उनके कविता संग्रह यत्क्रोंचमिथुनादेकम् पर नन्द चतुर्वेदी कविता सम्मान हिन्दी के सुप्रतिष्ठ कथाकार डॉ. प्रबोध कुमार गोविल (जयपुर) को उनके समग्र सृजन कर्म पर पंडित चन्द्रधर शर्मा गुलेरी कथा सम्मान तथा हिन्दी की ही सुप्रतिष्ठ कथाकार प्रगति गुप्ता (जोधपुर) को उनके कथा संग्रह स्टेपल्ड पर्चियां पर रघुनंदन त्रिवेदी कथा सम्मान से समादृत किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप