[ad_1]

गुवाहाटी, 21 फरवरी (हि.स.)। महिलाओं को स्वच्छता सुविधा मुहैया कराने और मासिक धर्म संबंधी स्वच्छता पर जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-अष्टलक्ष्मी के आयोजकों ने गुवाहाटी के सभी आयोजन स्थलों पर सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई है। साथ ही इस्तेमाल में लाए गए सैनिटरी नैपकीन के निपटान के लिए पर्यावरण-अनुकूल मशीनें लगाई गई हैं। महिलाओं की सुरक्षा के संबंधी पर्याप्त उपाय किए गए हैं।
शहर में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) के सभी आयोजन स्थलों पर महिला शौचालयों में मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनके उपयोग संबंधी निर्देश स्पष्ट रूप से दिए गए हैं। महिला एथलीटों, प्रशिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की सुविधा के लिए निर्देश तीन भाषाओं- असमिया, अंग्रेजी और हिंदी में मुद्रित किए गए हैं।
असम की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री नंदिता गार्लोसा ने कहा कि यह व्यवस्था सभी आयोजन स्थलों पर स्थायी होगी और जमीनी स्तर पर मासिक धर्म संबंधी स्वच्छता के बारे में अधिक जागरूकता पैदा करने के लिए अन्य खेल परिसरों में भी धीरे-धीरे वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी।
नंदिता गार्लोसा ने कहा, “वेंडिंग मशीन से सैनिटरी पैड की वर्तमान व्यवस्था खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के पूरा होने के बाद भी सभी खेल परिसरों में एक स्थायी रूप से रहेगी। यह अन्य खेल परिसरों में भी होगा। ”
वेंडिंग मशीनें लगाने के पीछे का उद्देश्य न केवल जागरूकता पैदा करना और महिला एथलीटों के स्वास्थ्य पर नियंत्रण रखने के लिए सशक्त बनाना है।
आने वाले दिनों में, आयोजक महिला स्वच्छता पर जागरूकता पैदा करने और मासिक धर्म से जुड़े मुद्दों चर्चा को सामान्य बनाने के लिए वालंटियर्स और एथलीटों के लिए वर्कशाप आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि वर्कशाप प्रमुख स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा आयोजित की जाएंगी।
केआईयूजी के आयोजकों ने इवेंट में भाग लेने वाली महिला एथलीटों और विश्वविद्यालयों के कोचों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी कई कदम उठाए हैं। सभी महिला प्रतिभागियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए वर्तमान में चार समर्पित हेल्पलाइन नंबर उपयोग में हैं।
महिलाओं से संबंधित मुद्दों और शिकायतों के लिए चार महिला अधिकारियों से निम्नलिखित फोन नंबरों पर संपर्क करने को कहा गया है – 98641-13251, 98641-81463, 84720-04177 और 70863-35296।
अधिकारी ने बताया कि अभी तक हेल्पलाइन पर कोई कॉल नहीं आई है, जो इस बात का सबूत है कि खेलों के आयोजन के लिए कैसे सुरक्षित माहौल तैयार किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/आकाश