[ad_1]

बरसात व ओलावृष्टि से तबाह फसलो के मुआवजे को लेकर सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के नेतृत्व में किसानों ने किया प्रदर्शन, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
रोहतक, 6 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में हुई बरसात व ओलावृष्टि से किसान की फसल पुरी तरह से बर्बाद हो गई और सरकार पोर्टल का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को बिना शर्त के तुंरत किसानों को चालीस हजार रूपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, ताकि किसानों को कुछ राहत मिल सके। बुधवार को सांसद ने बरसात व ओलावृष्टि से तबाह हुई फसलों के मुआवजे को लेकर किसानों के साथ पैदल मार्च किया। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि सरकार शुरू से ही किसान विरोधी रही है। करीब तीन-चार साल से किसानों को मुआवजे के नाम पर गुमराह किया जा रहा है, जबकि आज भी करोडो रूपये का मुआवजा बकाया है, लेकिन सरकार इस और कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि मुआवजा देने की बजाय समय निकालने में जुटी है, ताकि आचार संहिता लग जाए और मुआवजा देने से पल्ला झाड सके। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर किसानों को तुंरत मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश तभी तरक्की करेगा जब किसान और कमेरा वर्ग खुशहाल हो, लेकिन भाजपा सरकार की नियत व नीति दोनो ठीक नहीं है। सांसद ने हरियाणा ग्रामीण चौकीदारों के धरने पर भी पहुंचे और अपना समर्थन दिया।
बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि किसानों ने महंगा डीजल और महंगी खाद खरीद कर बड़ी मेहनत से फसल तैयार की थी, जो बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई। किसान आर्थिक रूप से बिल्कुल तबाह हो गया है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि सबसे बुरी हालत उस भूमिहीन किसान की है, जिसने जमीन को ठेके पर लेकर खेती की थी। ऐसे में किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए तुरंत मुआवजे की जरूरत है, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसानों को पोर्टल के भरोसे छोडक़र सरकार अपना पल्ला न झाडे, क्योकि पोर्टल में कभी सर्वर डाउन की समस्या रहती है तो कभी तकनीकी समस्या के चलते पोर्टल अधिकांश ठप रहते हैं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बारिश और ओलावृष्टि से किसान की फसल तो बर्बाद हुई ही है और सरकार के तीन सौ करोड़ रूपये खर्च करके सफाई कराने के दावों की भी पोल खुल गई है। इस अवसर पर विधायक बीबी बतरा, शकुंतला खटक, पूर्व विधायक संत कुमार, चांद वीर हुड्डा, गुलशन ईशपुनियानी, कुलदीप केडी, अमन वशिष्ट, डॉ. महेश कुमार, निर्मला राठी, सुनीता आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/संजीव