Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

– जनजागरुकता के लिए आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
रायपुर, 6 जनवरी (हि.स.)। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज शनिवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य सड़क सुरक्षा परिदृश्य की बैठक संपन्न हुई। बैठक में दुर्घटना जन्य सड़क खण्डों, अभियांत्रिकी सुधार, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के त्वरित उपचार की व्यवस्था एवं त्वरित सहायता, यातायात शिक्षा, सड़क सुरक्षा जागरुकता, प्रवर्तन की कार्रवाई, सड़क सुरक्षा ऑडिट सहित सड़क दुर्घटनाओं के नियंत्रण के उपायों के संबंध में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सचिव परिवहन एस. प्रकाश ने मुख्य सचिव सहित समस्त अधिकारियों का स्वागत करते हुए राज्य के सड़क सुरक्षा परिदृश्य पर प्रकाश डाला। बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में 15 जनवरी से 15 फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों एवं अन्य संस्थानों में सड़क सुरक्षा के संबंध में जनजागरुकता के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अंतर्विभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा के अध्यक्ष संजय शर्मा ने विभिन्न विभागों के सड़क सुरक्षा संबंधी कार्याे का विश्लेषण प्रतिवेदित करते हुए अवगत कराया कि वर्ष 2023 में बीते वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में 1.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिला रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार में राज्य की लगभग 49 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं घटित हुई है। जिला सड़क सुरक्षा समितियों की 66 बैठकों में सड़क सुरक्षा उपायों के बारे में विमर्श किया गया है। राज्य में कुल 11 हजार 895 जन जागरुकता कार्यक्रम हुए। पुलिस विभाग द्वारा कुल 5,41,407 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई कर 22 करोड़ 64 लाख 48 हजार समन शुल्क वसूल किए गए। 57 ब्लैक स्पॉटस, 2,117 जंक्शन का सुधार किया गया। 31 ट्रक ले-बाय 341 बस ले-बाय एवं 07 ड्राइवर रेस्ट एरिया सहित प्रमुख स्थानों में लगाए गए संकेतकों की जानकारी दी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव स्कूल शिक्षा सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव परिवहन एस.प्रकाश, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, शिक्षा, नगरीय प्रशासन एवं विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पशुपालन, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न विभागो के सचिवों सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा समस्त संभागायुक्त एवं रेंज पुलिस महानिरीक्षक शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार/गायत्री प्रसाद
[ad_2]
Source link