[ad_1]

रतलाम, 27 जनवरी (हि.स.)। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बाइस वर्षीय आदवासी युवक गणेश मईडा ने पुलिस जवान द्वारा मारपीट किये जाने से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में आदिवासियों द्वारा हंगामा करने के बाद एसपी राहुल लोधा ने शनिवार को इस मामले में एक आरक्षक को निलम्बित कर जांच के निर्देश दिये हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात एक बजे छावनी झोड़िया निवासी 22वर्षीय गणेश पुत्र छगनलाल मईडा अपने दो साथियों के साथ मोटर साइकिल से विवाह समारोह से लोट रहे थे। गश्ती पुलिस ने रोककर पूछताछ कर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शुक्रवार को सवेरे बाजना थाने पर शिकायत करने गणेश अपने साथियों के साथ पंहुचा तो उसे कहा गया कि और मारपीट करेंगे। इससे क्षुब्ध होकर घर गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को थाने का घेराव कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक शफीउल्लाह को निलम्बित कर जांच के आदेश दे दिये हैं। फिलहाल युवक का शव थाने में रखा हुआ है।
हिन्दस्थान समाचार/शरदजोशी