Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

उदयपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र अयोध्या में होने वाले श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में उदयपुर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जगह-जगह 22 जनवरी के दिन किए जाने वाले आयोजनों की तैयारियां चल रही हैं।
शहर के समीपवर्ती बड़गांव क्षेत्र के चारभुजा मंदिर में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। यहां 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में अखंड रामायण पाठ कराया जाएगा और बड़गांव व नगर के सभी मंदिरों को सजाया जायेगा। स्थानीय कार्यकर्ता पुष्कर जोशी ने बताया कि शनिवार दोपहर 3.15 बजे बड़गांव में भव्य कलश वंदन व शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा बालकेश्वर महादेव मंदिर बड़गांव से शुरू होगी। इसी तरह, 21 जनवरी प्रातः 9.15 बजे अखंड रामायण पाठ शुरू होगा, जो 22 प्रातः 9.15 तक चलेगा। उसके बाद 10 बजे कार सेवा में गए कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा। इसके बाद 11 बजे से एलईडी पर लाइव प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम दिखाया जायेगा।
इसी प्रकार, उदयपुर शहर के सेक्टर-3 में विभिन्न जगह कार्यक्रमों की तैयारी चल रही है। फ्रेंड्स क्लब द्वारा ‘सब के राम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। क्लब के अरुण मारू ने बताया कि कार्यक्रम सेक्टर 3 जैन मंदिर रोड पर किया जायेगा, इसमें शाम 6 बजे से भजन संध्या, भव्य आतिशबाजी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेगा। शीतल मुर्डिया ने बताया कि प्रातः 11 बजे एलईडी लगाकर सर्व समाज को लाइव प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम दिखाया जाएगा।
इधर, एकलिंगजी क्षेत्र में भी 300 स्थानों पर हवन एवं यज्ञ के आयोजन की तैयारी चल रही है। कुछ स्थानों पर राम दरबार की स्थापना भी की जाएगी। इस खंड में हो रहे संपूर्ण आयोजन में 300 किलो घी 1100 किलो शाकल्य का हवन में उपयोग होगा।
मल्लातलाई स्थित सामुदायिक भवन में गांधीनगर विकास समिति द्वारा 21 जनवरी को श्रीराम को जानो प्रतियोगिता करवाई जाएगी। 22 जनवरी को यज्ञ हवन आदि होंगे। प्रतियोगिता के संयोजक चेतन चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेताओं को सिटी पैलेस, नवलखा महल, गुलाब बाग भ्रमण आदि करवाया जाएगा। इधर, शहर के धानमण्डी क्षेत्र में बड़लेश्वर महादेव मंदिर में भी आयोजन की तैयारी शुरू हो कर दी गई है। यहां मंदिर के सामने मुख्य मार्ग को श्रीराम अंकित भगवा पताकाओं से सजाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/ईश्वर