[ad_1]

रायगढ़, 18 जनवरी (हि.स.)। रायगढ़ में पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल दाखिल कर दिया है।
रायगढ़ के जूटमिल थाना अंतर्गत सोनूमुडा काली मंदिर के पास रहने वाली सावित्री देवांगन ने 01 जून 2023 को अपने किराए मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में जांच दौरान मृतिका के परिजनों और गवाहों के बयान के अनुसार, मृतिका सावित्री देवांगन को उसका पति संग्राम महंत आए दिन झगड़ा विवाद कर प्रताड़ित करता था, जिससे सावित्री शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान थी और उसने 1 जून को अपने किराए मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पूर्व में भी सावित्री ने उसके पति संग्राम महंत द्वारा काम धाम नहीं कर झगड़ा मारपीट करने की कोतवाली पुलिस में दर्ज करायी थी।
मर्ग जांच उपरांत 10 जनवरी को महिला को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने वाले आरोपित महिला के पति संग्राम महंत पर धारा 306 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपित संग्राम महंत फरार था, जिसे आज मुखबिर के सूचना पर जूटमिल पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर उसे जेल दाखिल किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान