[ad_1]

गुवाहाटी, 05 मार्च (हि.स.)। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय की टीम ने रिश्वत लेते एक लोक सेवक को आज गिरफ्तार किया है।
निदेशालय में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सिलचर विकास प्राधिकरण के कार्यालय के फील्ड सर्वेक्षक अभिजीत कर ने रिश्वत की मांग की है। शिकायतकर्ता को उसके घर के निर्माण को नियमित करने के लिए एनओसी जारी करने की खातिर शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई। रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने उपरोक्त लोक सेवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए निदेशालय से संपर्क किया।
शिकायत प्राप्त होने के बाद आज निदेशालय की एक टीम द्वारा सिलचर विकास प्राधिकरण के कार्यालय में जाल बिछाया गया। अभिजीत कर को कार्यालय में रुपये लेते ही रंगे हाथों पकड़ लिया गया। शिकायतकर्ता से मांगी गई रिश्वत के हिस्से के रूप में 15 हजार रुपए रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसे जब्त कर लिया गया।
लोक सेवक के शरीर की तलाशी के दौरान उसके पहने हुए पतलून की जेब से 38 हजार पांच सौ रुपए बरामद किए गए और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में उसे भी जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा, सिलचर शहर में स्थित लोक सेवक के घर की तलाशी के दौरान 12 लाख 60 हजार 890 रुपए बरामद कर स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 7 (ए) के तहत एसीबी पुलिस थाने में केस नंबर 18/2024 दर्ज कर लिया गया।
लोक सेवक के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी अनुवर्ती कार्रवाई चल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद