[ad_1]

गुवाहाटी, 22 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में नवनिर्मित राममंदिर में श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में हर्षोल्लास का माहाैल है। असम में भी सुबह से ही राम भक्ति का माहौल देखने को मिला। असम के अधिकांश मठों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों और नामघरों में राम मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। समूचा राज्य आज राममय दिखाई दे रहा है।
अयोध्या के कार्यक्रम को लेकर राज्य के कई हिस्सों में भी धार्मिक कार्यक्रम एवं शोभायाएं निकाली गयीं। शाम के समय सभी मंदिरों में दीप जलाने की भी तैयारी की गयी है।राजधानी गुवाहाटी के सभी मंदिरों को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने गुवाहाटी के फटासील आमबाड़ी स्थित हरिजन कॉलोनी राम मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। अधिकांश मंदिरों की ओर से राम शोभायात्रा निकाली गयी। जिसमें हजारों की संख्या में पुरुष एवं महिलाओं ने हिस्सा लिया।
जोरहाट जिला के टियक स्थित प्रसिद्ध ढेकियाखोवा बरनामघर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। डिमा हसाओ जिला मुख्यालय हाफलांग शहर के सनातनी जागरण मंच ने सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली गयी। इस दौरान पूरा शहर श्रीराम के नारों से गुंजायमान हो उठा।
इसी तरह गोलाघाट जिला शहर में निकाली गयी शोभायात्रा में राज्य की वित्त मंत्री अजंता नेउग ने हिस्सा लिया। वहीं नलबाड़ी जिला के सर्थेबाड़ी में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर एक हनुमान मंदिर का उद्घाटन किया गया। इस मंदिर का निर्माण सीआरपीएफ के जवान बीरेन डेका के प्रयास से किया गया। मंदिर को आज पूजा अर्चना के लिए खोल दिया गया।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आधे दिन का राजकीय अवकाश की घोषणा की थी।
हिन्दुस्थान समाचार /अरविंद//सुनील