[ad_1]

जींद, 10 मार्च (हि.स.)। नरवाना स्थित रेलवे रोड पर स्कूल ड्रेस की दुकान चलाने वाले दुकानदार को धमकी देकर 20 लाख की चौथ मांगने पर दो युवाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पतराम नगर नरवाना निवासी प्रमोद ने पुलिस को दी शिकायत मे बताया था कि वह रेलवे रोड पर स्कूल ड्रेस की दुकान चलाता है।
गत छह मार्च दोपहर बाद वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। उसी दौरान चेहरा ढांपे दो युवक बाइक पर आए। एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा युवक काउंटर के पास आया। उसके बेटे को पर्ची थमाते हुए दो घंटों के अंदर 20 लाख रुपये की चौथ मांगी। चौथ राशि ना देने पर गोली मारने की धमकी दी। जिसके बाद दोनों युवक बाइक से फरार हो गए। शहर थाना नरवाना पुलिस ने प्रमोद की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ चौथ मांगने, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने सीसी टीवी कैमरों को खंगाला तो दोनों युवक बाइक पर दिखाई दिए। सीआईए स्टाफ नरवाना को सूचना मिली थी कि धमकी देकर चौथ मांगने के आरोपित युवक गांव घासो कलां बस अड्डे पर है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने चौथ मांगने की बात कबूल कर ली। युवकों की पहचान गांव शेखपुरा हिसार निवासी सूरज उर्फ बीन, दूसरे की पहचान विकास उर्फ कालिया के रूप मेेें हुई। शहर थाना नरवाना पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। रविवार को सीआईए स्टाफ नरवाना प्रभारी सुखेदव सिंह ने बताया कि दोनों युवकों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव