[ad_1]

छतरपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। ओरछा रोड थाना क्षेत्र में बीते रोज दोपहर के वक्त एक पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने के कारण चालक की मौत हो गई। बताया गया है कि सड़क पर अचानक से कोई जानवर पिकअप के सामने आ गया था, जिसे बचाते हुए वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। घटना के बाद चालक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक इम्तियाज पुत्र नसीर खान उम्र 45 वर्ष निवासी महोबा उत्तरप्रदेश के परिजन अतीक खान ने बताया कि बीते रोज दोपहर में इम्तियाज अपने पिकअप वाहन से छतरपुर जिले के सटई जा रहा था। इसी दौरान जब वह सौंरा पहाड़ी के समीप फोरलेन पर पहुंचा, तभी सामने अज्ञात जानवर आ गया और उसे बचाते समय इम्तियाज का संतुलन बिगड़ गया, जिससे पिकअप सड़क किनारे खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में इम्तियाज बुरी तरह से घायल हो गया था। आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक इम्तियाज की मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के उपरांत उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं, एक अन्य घटना नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम टुडऱ में हुई। शराबी ई-रिक्शा चालक ने एक घर के बाहर रखी साइकिल को टक्कर मार दी थी। जब साईकिल के मालिक ने उलाहना दिया तो ई-रिक्शा चालक ने न केवल गाली-गलौज और मारपीट की बल्कि 55 वर्षीय अधेड़ के ऊपर अपना ई-रिक्शा भी चढ़ा दिया। घायल अधेड़ को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।घायल दुर्जन अहिरवार उम्र 55 वर्ष निवासी टुडऱ थाना नौगांव ने बताया कि रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपने परिवार के साथा खाना खा रहा था, तभी घर के बाहर खड़ी साइकिल को गांव के शराबी जुगल अहिरवार ने अपने ई-रिक्शा से टक्कर मार दी। आवाज सुनकर दुर्जन का भाई बाहर गया और जुगल से बात की तो उसने गाली-गलौच करते हुए टैक्सी में रखे डंडे से मारपीट शुरू कर दी। शोर-गुल सुनकर दुर्जन बाहर पहुंचा और बीच-बचाव का प्रयास करने लगा तभी जुगल ने उसके ऊपर टैक्सी चढ़ा दी। इस हादसे में दुर्जन के पैर और कमर में चोट आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। परिवार के लोग दुर्जन को इलाज के लिए नौगांव ले गए जहां से चिकित्सकों ने रात करीब 2 बजे उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्जन के छोटे भाई रामप्रसाद अहिरवार ने बताया कि घटना के वक्त जुगल बेतहाशा नशे में था।
हिन्दुस्थान समाचार/सौरभ भटनागर