[ad_1]

– जिलाधिकारी ने वृद्धजनों से मुलाकात कर बांटे मिठाई और कपड़े
मीरजापुर, 23 मार्च (हि.स.)। होली पर्व पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने रविवार को विंध्याचल के पटेंगरा नाला स्थित वृद्धजन आवास में वृद्धजनों से मुलाकात की। उन्होंने वृद्धजनों को मिष्ठान, गुझिया व कपड़े आदि वितरित कर शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने वृद्धजनों के साथ बैठकर होली पर्व की उपयोगिता, महत्व पर चर्चा करते हुए उनके अनुभव साझा किए। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर वृद्धजन भाव विभोर हो उठे। डीएम ने कहा कि वृद्धजन समाज के अभिभावक हैं, जिनकी उपयोगिता घर परिवार से लेकर समाज में बनी हुई है। इन्हें अपने से अलग नहीं समझना चाहिए। जिलाधिकारी ने 51 महिला तथा 54 पुरुष सहित 105 वृद्धजनों को कंबल, गुझिया, अबीर, कुर्ता पाजामा और साड़ी भेंट किया।
मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जनपदवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं व बधाई दी। कहा कि यह पर्व सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को और मजबूती पहुंचाता है। आपसी भेदभाव मिटाकर भाईचारे की भावना को मजबूत करें। शालीनता, सदभावपूर्ण व शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं। त्योहार में गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/सियाराम