Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

बेतिया, 25 जनवरी (हि.स)। घने कोहरे के कारण गुरुवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई तथा एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दो युवक एक बाइक से बेतिया जा रहे थे। घने कोहरे के कारण उनकी बाइक चुहड़ी नहर की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर के बाद वे दोनों पानी में गिर गए। घटना में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का ईलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है। घटना बुधवार देर रात्रि की है।
कुमारबाग ओपी के प्रभारी अनुज कुमार पाण्डेय ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा उसके परिजन को सौंप दिया गया है। बाइक सवार की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के सीताराम मठिया निवासी राजन राम एवं रवि पासवान के रूप में हुई है। हादसे में राजन राम की मौत हो गई है।
घायल रवि पासवान ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह राजन राम के साथ अपने ससुराल बिजवनिया आया था। बुधवार की रात वह बिजबनिया के अपने परिचित से बाइक मांगकर राजन के साथ चुहड़ी के रास्ते बेतिया जा रहा था। चुहड़ी नहर के पास घने कोहरे की वजह से बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई। जिससे वे दोनों नहर में जा गिरे। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीणों को हादसे की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुमारबाग ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को नहर से निकलवा पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया। घायल रवि को इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। राजन की मौत से उसके परिवार में मातम छाया हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक़ /चंदा