[ad_1]

बेतिया, 02 फरवरी (हि.स)। बेतिया छावनी मनुआपुल रोड में जोकहा मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर ठेला चालक विशाल कुमार की मौत हो गई है। घटना गुरुवार की देर रात की है। घटना के समय विशाल कुमार लौरिया से सामान पहुंचाकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
मनुआपुल के दारोगा नवीन चन्द्र चौधरी ने शुकव्रार को बताया कि मृतक अम्बेडकर कॉलोनी पिउनीबाग बसवरिया निवासी लक्ष्मी राम के पुत्र विशाल कुमार है। उनकी मौत घटना स्थल पर ही हो चुकी थी। शुक्रवार की सुबह जीएमसीएच मेंं शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके शव को परिजन को सौंप दिया गया है।
परिजन ने बताया कि विशाल बाइक की रीमॉडलिंग कर बनाई गई बाइक ठेला चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। गुरुवार को वे नगर में ठेला लेकर आए थे। वहां से किसी का सामान लेकर लौरिया पहुंचाने गए थे। लौरिया से वे बेतिया लौट रहे थे उसी दौरान जोकहा मोड़ के समीप किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से ठेला में ठोकर मार दिया। ठोकर लगने से ठेला पलट गई और विशाल अपने ही ठेला से दब गए। विशाल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पर मनुआपुल ओपी के दारोगा जितेंद्र सिंह मौके पर पहुुंचे और विशाल को घटना स्थल से उठाकर रात में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक़
/चंदा