Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

– कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारी करने के निर्देश
चंडीगढ़, 11 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पंजाब के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जनता के सहयोग से सभी सीटें जीतेगी।
मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को पंजाब के लुधियाना में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पंजाब पहुंचे खड़गे ने आईएनडीआईए गठबंधन से अलग अपने बल पर चुनाव लड़ने के साफ संकेत देते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट किया। इससे पहले शनिवार को आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब में आईएनडीआईए गठबंधन से अलग अपने दम पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।
रविवार को खड़गे ने जनसभा के दौरान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन का ऐलान करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार ने पिछले दस वर्षों के दौरान देश के किसानों और जवानों को बर्बाद किया है। केंद्र में कांग्रेस की सरकार आते ही तीनों कृषि कानूनों को पूरी तरह से रद्द किया जाएगा।
पंजाब के समराला में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि पंजाब के किसान अपने हकों की लड़ाई के लिए दिल्ली कूच कर रहे हैं। समूची कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों को खत्म कर सब कुछ कॉर्पोरेट सेक्टर को देना चाहती है। खड़गे ने कहा कि पंजाब के नौजवान अगर सेना में अग्निवीर के बजाए पक्की भर्ती चाहते हैं तो केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए कांग्रेस का साथ दें। कांग्रेस की सरकार आते ही अग्निवीर योजना को समाप्त करके पक्की भर्तियां की जाएंगी। खड़गे ने यूपीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज केंद्र सरकार के मंत्री पुराने कामों का नवीनीकरण करके उनका दोबारा उद्घाटन कर रहे हैं।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वडि़ंग ने कहा कि जब उन्हें कमान दी गई तो कांग्रेस 80 सीटों से 18 सीटों पर आ गई थी। पंजाब में जिस तरह हार मिली, उससे वह चिंतित थे कि कांग्रेस का क्या होगा। अब जो लीडर मंच पर उपस्थित हैं, इन्होंने दोबारा कांग्रेस को खड़ा कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने खड़गे के सामने मांग रखते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार के सत्ता में आने के बाद अटारी बॉर्डर खोला जाएगा, किसानों के लिए स्वामीनाथन की रिपोर्ट को लागू करेंगे और पंजाब से पहले की तरह आर्मी की भर्ती होगी।
खड़गे की रैली से गायब रहे नवजोत सिद्धू
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में पार्टी के सभी नेता मंच पर दिखाई दिए लेकिन पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिद्धू नहीं दिखाई दिए। सिद्धू आज अपने सोशल मीडिया पर तो सक्रिय रहे लेकिन उन्होंने पंजाब कांग्रेस प्रधान तथा नेता प्रतिपक्ष के साथ मंच साझा नहीं किया।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत