[ad_1]

हल्द्वानी, 07 मार्च (हि.स.)। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में खेलो इंडिया सेंटर की स्थापना को स्वीकृति मिलने के बाद अब हल्द्वानी में अधिक खिलाड़ियों को हॉकी की बारीकियां सीखने का मौका मिलेगा।
हल्द्वानी में विभाग की तरफ से अब तक संचालित हॉकी प्रशिक्षण कैंप में 25 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। खेलो इंडिया सेंटर में 30 अतिरिक्त खिलाड़ियों को हॉकी के प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की तरफ से उत्तराखंड के सभी जिलों में खेलो इंडिया सेंटर की स्थापना को मंजूरी दी गई है।
नैनीताल जिले में हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में इस सेंटर में हॉकी खेल के प्रशिक्षण की मंजूरी मिली है। हल्द्वानी में खेल विभाग की तरफ से पहले से भी हॉकी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें केवल 25 खिलाड़ियों को ही प्रशिक्षण देने की सुविधा है। वहीं, अब खेलो इंडिया सेंटर में भी 30 अतिरिक्त बालक-बालिकाओं को हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।
दो कैंपों का संचालन शुरू होने से अब हल्द्वानी के 55 बालक-बालिकाओं को हॉकी की बारीकियां सीखने का मौका मिल सकेगा। उप क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल ने बताया कि खेलो इंडिया सेंटर में प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों को हॉकी की पूरी किट के अलावा अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/रामानुज