[ad_1]

उदयपुर, 08 फरवरी (हि. स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने गुरुवार को हिम्मतनगर-उदयपुर-अजमेर खंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उमरड़ा, मावली जंक्शन, फतेहनगर व उदयपुर स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार महला ने बताया कि महाप्रबंधक अमिताभ ने हिम्मतनगर-उदयपुर-अजमेर खंड के निरीक्षण के दौरान इस खंड पर ट्रेन के सुरक्षित व सुविधाजनक संचालन सुनिश्चित करने व किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ट्रैक, ट्रैक पॉइंट आदि का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से विचार विमर्श कर आवश्यक निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी भी ली। उदयपुर स्टेशन के निरीक्षण के अंतर्गत महाप्रबंधक ने स्टेशन पर चल रहे स्टेशन रि-डेवलपमेंट कार्यों का निरीक्षण किया, साथ ही रनिंग रूम का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे कार्मिकों से उनकी समस्याओं के बारे मे भी चर्चा की।
मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ ने मंडल और विशेष रूप से हिम्मतनगर-उदयपुर-अजमेर खंड पर चल रही विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधित गतिविधियों के साथ अमृत स्टेशन योजना से संबंधित स्टेशनों के पुनर्विकास के संबंध में जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक प्रणय प्रभाकर, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नरसिंह, प्रमुख मुख्य इंजीनियर पीके जैन, प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर राजेश मोहन, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विजय कुमार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रदीप कुमार, प्रमुख मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर समीर दीक्षित, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी रामस्वरूप रनौत सहित मंडल के शाखाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/संदीप