[ad_1]

नारनौल, 25 जनवरी (हि.स.)। चौधरी बैजनाथ राजकीय महिला महाविद्यालय नांगल चौधरी में गुरूवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इस मौके पर नांगल चौधरी के विधायक एवं पूर्व आईएएस डा. अभय सिंह यादव ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
विधायक ने युवाओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन भारत के जीवंत लोकतंत्र का जश्न मनाने का है। उन्होंने कहा कि भारत में निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस पर प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को मतदाता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य चुनाव व्यवस्था के बारे में नागरिकों को जागरुक करना और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र को दुनिया के सबसे बड़े, जीवंत और स्थिर लोकतंत्र के रूप में सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बडे लोकतांत्रिक देश में निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से सामाजिक क्रांति संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लोकतंत्र की एक बड़ी सफलता है कि दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाला आम मतदाता भी यह महसूस करता है कि यह तय करने में उसकी एक प्रमुख भूमिका है कि देश या राज्य पर कौन और कैसे शासन करेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान या चुनाव लोकतंत्र के आधार स्तंभ होते हैं और इसे सुचारू रूप से चलाने के लिए मतदाता ही सबसे अहम होता है। वोट देना या मतदान करना अधिकार ही नहीं बल्कि एक कर्तव्य भी है। बहुत से लोग इसके महत्व और शक्ति को नजर अंदाज कर देते हैं। ऐसे में जरूरी है कि देश के एक-एक मतदाता को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाए। इस मौके पर शहीद मेजर सतीश दहिया महाविद्यालय के प्राचार्य डा. अनिल यादव, कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डा. राष्ट्रपाल यादव, डा. हरनाम यादव, पंचायत समिति चेयरमेन निजामपुर विनोद यादव, पंचायत समिति चेयरमेन नांगल चौधरी कर्मपाल यादव सहित अनेक गांवों के सरपंच मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/श्याम/संजीव