Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

भोपाल, 09 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार, 11 फरवरी को झाबुआ आएंगे। प्रधानमंत्री के भ्रमण पर उनकी अगवानी के लिये तीन कैबिनेट मंत्रियों को ‘मिनिस्टर इन वेटिंग’ नामित किया गया है। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा शुक्रवार देर शाम सूचना जारी की गई।
जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने बताया कि नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर एयरपोर्ट पर अगवानी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर झाबुआ हेलीपेड पर वन, पर्यावरण एवं अनूसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान और मुख्य कार्यक्रम स्थल पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया अगवानी करेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वे रविवार को झाबुआ में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन से प्रधानमंत्री लोकसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। भाजपा ने मध्य प्रदेश और गुजरात के आदिवासी वर्ग पर ध्यान केंद्रित करते हुए यह सम्मेलन आयोजित किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का झाबुआ में आयोजित जनजातीय रैली में भव्य स्वागत किया जाएगा। उनके झाबुआ आगमन को लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ता व्यापक तैयारी में जुटे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में करीब 7500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों की लगभग दो लाख महिला लाभार्थियों को आहार अनुदान की मासिक किस्त वितरित करेंगे। मध्य प्रदेश की विभिन्न विशेष पिछड़ी जनजातियों की महिलाओं को पौष्टिक भोजन के लिए 1,500 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाते हैं। साथ ही पीएम स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को 1.75 लाख अधिकार अभिलेख वितरित करेंगे।
झाबुआ में पीएम मोदी टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे, जो क्षेत्र में उच्च आदिवासी बहुल जिलों के लिए एक समर्पित विश्वविद्यालय है। करीब 170 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह विश्वविद्यालय छात्रों के समग्र विकास के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 550 से अधिक गांवों के लिए धनराशि हस्तांतरित करेंगे, जिसका उपयोग आंगनवाड़ी भवन, उचित मूल्य की दुकानों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों में अतिरिक्त कमरे, आंतरिक सड़कों सहित विभिन्न प्रकार की निर्माण गतिविधियों के लिए किया जाएगा। प्रधानमंत्री रतलाम और मेघनगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री झाबुआ में ‘सीएम राइज स्कूल’ का शिलान्यास करेंगे। स्कूल छात्रों को स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रौद्योगिकी को एकीकृत करेगा। प्रधानमंत्री झाबुआ की 50 ग्राम पंचायतों के लिए ‘नल जल योजना’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे लगभग 11,000 घरों को नल का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी मध्य प्रदेश में 3,275 करोड़ रुपये से अधिक की कई सड़क विकास परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/मुकेश/आकाश