[ad_1]

– पावर जनरेटिंग कंपनी रखेगी नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में कदम
भोपाल, 9 मार्च (हि.स.)। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर आज (शनिवार को) सुबह 11 बजे मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी के मंदसौर जिले की भानपुरा तहसील के रातागुड़रिया के 7 मेगावॉट सोलर प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस सोलर प्लांट के क्रियाशील होने के बाद मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी ताप एवं जल विद्युत उत्पादन के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में प्रवेश करेगी।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी 2023 में जल संसाधन विभाग ने 7 मेगावॉट भूमि आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र को ऊर्जा विभाग को हस्तान्तरित करने की पेशकश की गई थी। 8 सितंबर 2023 को जनरेटिंग कंपनी द्वारा एमओयू हस्ताक्षर उपरांत 2 दिसंबर 2023 को सफलता पूर्वक टेस्ट सिनक्रोनाइजेशन करके सौर विद्युत उत्पादन किया गया। एक मार्च से 7 मार्च 2024 तक लगभग 2,06,400 यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जा चुका है, जो कि अनवरत जारी है। संयंत्र से करीब एक करोड़ यूनिट ऊर्जा का वार्षिक उत्पादन होना संभावित है। इस सोलर प्लांट की अनुमानित लागत लगभग रुपये 43.2 करोड़ है। गत 29 फरवरी से इसका परफॉरमेंस गारंटी टेस्ट आरंभ किया गया है। इस प्लांट से 3 मार्च 2024 को खराब मौसम में 6.05 मेगावॉट सौर ऊर्जा क्षमता सफलतापूर्वक हासिल की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश