[ad_1]

-मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रदेशवासियों को भगवान श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या जाने का किया आह्वान
भोपाल, 03 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सोमवार, 04 मार्च को कैबिनेट की बैठक के बाद मध्यप्रदेश मंत्री-मंडल के सभी सदस्य सपत्नीक अयोध्या धाम भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए जाएंगे। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपनी सुविधानुसार अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए अवश्य जाने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव रविवार को लखनऊ प्रवास के बाद भोपाल लौटने पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भगवान श्रीराम का अद्भुत मंदिर मां सरयू नदी के किनारे जगमगा रहा है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म स्थान और बाबा विश्वनाथ के पवित्रधाम से मैं आनंद से सराबोर होकर लौटा हूं।
उन्होंने कहा कि 22 फरवरी, 2024 को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। यह सभी देशवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों की उपस्थिति में अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फरवरी माह में अयोध्या में अधिक भीड़ होने और अन्य व्यस्तताओं के कारण मध्यप्रदेश मंत्री-मंडल के सदस्यों ने मार्च माह में अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने जाने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि यह हमारी भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा है, हम सनातन संस्कृति को मानने वाले भी हैं। हमारी आस्था का केंद्र आज जब सबकी श्रद्धा के रूप में उभरकर सामने आया है, तो स्वाभाविक रूप से सबकी भावना भी जुड़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/मुकेश/आकाश