[ad_1]

धर्मशाला, 23 फरवरी (हि.स.)। धर्मशाला से विधायक व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शुक्रवार को क्षेत्र की जनता को दर्जनों सौगातें देंगे। विधानसभा के बजट सत्र के बाद सुधीर शर्मा 24 फरवरी को धर्मशाला के कई इलाकों में कार्यक्रम करने वाले हैं। इसमें उद्घाटन व शिलान्यास शामिल हैं।
बुधवार को धर्मशाला में जारी बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि पहले जारी बजट पर तेजी से काम करवाएंगे, तो नए कार्यों को तय समय पर पूरा किया जाएगा।
सुधीर शर्मा ने बताया कि 24 फरवरी को मंदल व चैतड़ू पंचायतों में नए पटवार भवनों की नींव रखी जाएगी। इसी तरह दाड़ी बाजार में वाटर मानीटरिंग सिस्टम जनता को समर्पित किया जाएगा। सबसे पहले रक्कड़ मौहली चौक के सौंदर्यीकरण की नीवं रखी जाएगी। इसके बाद सेक्रड हार्ट व मस्जिद चौक के विकास का शिलान्यास होगा। तदोपरांत अंदराड़ में चिल्ड्रन पार्क व कम्युनिटी हाल का फाउंडेशन स्टोन रखा जाएगा। अंदराड़ और रसेहड़ में नए पंचायत घरों की भी नींव रखी जाएगी। सिद्धबाडी मेें शहीद अमित थापा गेट बनेगा। सुक्कड़ पंचायत में दो खेल मैदानों की नींव रखी जाएगी। पास्सू में सराय व शीला भटेड़ में कम्युनिटी सेंटर बनेगा। दाड़ी में दुर्गामल दल बहादुर स्मृति वाटिका की नींव रखी जाएगी। बड़ोल में महिला मंडल व फव्वारा चौक का सौंदर्यीकरण होगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राज कुमार कश्यप ने कहा कि धर्मशाला की पंचायतों को बजट मिलने के बाद अब नई सौगातें मिलने जा रही हैं। इससे धर्मशाला शहर की तर्ज पर धर्मशाला के गांव भी स्मार्ट बनेंगे। नए पंचायत घर, खेल मैदान व पटवार घर बनने से लोगों को सहूलियत होगी। साथ ही शहर में रियल टाइम वाटर मानीटरिंग सिस्टम लगने से शुद्ध पेयजल मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील