[ad_1]

उज्जैन,21फरवरी(हि. स.)। प्रदेश सरकार के योग आयोग ने पांच संस्थाओ को विकासखण्ड स्तर तक, अंचलों में चल रहे स्कूलों में योग समिति गठित करने तथा योग का लाभ विद्यार्थियों को देने के लिए अधिकृत किया है। उनमें से एक सहजयोग है। मैं आव्हान करता हूं कि सहजयोग के प्रदेश समन्वयक पूरे प्रदेश में इस कार्य को अपने साथियों के माध्यम से विस्तार दें। ताकि ध्यान योग के द्वारा विद्यार्थी तनाव मुक्त रहें,उन्नति करें और श्रीमाताजी निर्मलादेवी का आशीर्वाद विद्यार्थियों को प्राप्त होता रहे। यह बात विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने सहजयोग मुख्य केंद्र,उज्जैन द्वारा आयोजित योगधारा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
इस आयोजन में फ्रांस,यूक्रेन,रशिया,बुल्गारिया और आस्ट्रिया के सहजयोगी भाई-बहनों ने शास्त्रीय वादन-गायन-के माध्यम से भारतीय वाद्य यंत्रों का उपयोग करके शिव, राम, कृष्ण, गणेश वंदना और देवी स्तुति की प्रस्तुतियां दी। कलाकारों की प्रस्तुतियों को उपस्थित शहरवासियों ने जमकर सराहा। साथ ही आत्मसाक्षात्कार प्राप्त किया।
दीप प्रज्जवलन से प्रारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कालिदास संस्कृत अकादेमी के निदेशक डॉ.गोविंद गंधे ने कहा कि भारत का प्राचीन इतिहास वसुधैव कुटुम्बकम का रहा है। हम पूरे विश्व को अपना मानते हैं। यह मानकर चलते हैं कि हमारी संस्कृति का ध्वज पूरे विश्व में फहराएगा। कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल भी शामिल हुए और नगर के प्रथम नागरिक के रूप में विदेश से आए कलाकारों का सम्मान किया। वरिष्ठ पत्रकार सुनील जैन ने कहा कि एक समय था जब विदेश से कोई बात आती थी तो उसे हमारे देश में तुरंत आत्मसात कर लिया जाता था। यह भी नहींं देखा जाता था कि उससे लाभ होगा या हानि। आज मंच पर विभिन्न देशों से आए कलाकारों ने सिद्ध कर दिया कि भारतीय संस्कृति,ज्ञान और आध्यात्म ही सबसे श्रेष्ठ है। माताजी ने विश्व के 181 देशों को सहजयोग से जोड़ा,यह बहुत बड़ी बात है। प्रेस क्लब अध्यक्ष विशालसिंह हाड़ा ने कहा कि सहजयोग करने से तनाव मुक्ति मिलती है,इसे स्वयं अनुभव किया है। आज के इस भागदौड़ के युग में कुछ समय स्वयं के लिए निकालना और उस समय को ध्यान योग में लगाना,सभी को ऐसा अनिवार्य रूप से करना चाहिए।
महापौर परिषद के सदस्य शिवेंद्र तिवारी ने कहाकि शहर में माताजी के नाम पर नगर निगम द्वारा पूर्व में मार्ग का नामकरण किया गया था। अब नगर निगम सीमा में संचालित स्कूलों में प्रदेश के योग आयोग द्वारा दिए गए निर्देश के तहत सहजयोग संचालित करने में जो भी सहयोग लगेगा,हम देंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए सहजयोगी भी शमिल हुए।
कार्यक्रम में अतिथि स्वागत सहजयोग के प्रदेश समन्वयक अमित गोयल ने किया। संचालन योगधारा के आगम गुप्ता ने किया। आभार नगर समन्वयक सुधीर धारीवाल ने माना।
हिंदुस्थान समाचार/ललित ज्वेल