[ad_1]

-परिजनों ने लगाया दहेज के लिये जहर देकर मारने का आरोप
जौनपुर, 27 मार्च (हि.स.)। महराजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मंगलवार की देर रात हो गई। मौत के बाद विवाहिता के परिजनों ने दहेज के लालच में जहर देकर मार डालने की बात कह रहे हैं। जबकि पुलिस अभी मामले को संदिग्ध मानकर शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
थाना क्षेत्र के बनकट लोदी गांव में शराबी पति ने दहेज़ के लोभ में पहले पत्नी को पीटा और फिर जहर देकर उसकी हत्या कर दिया है। बनकट गांव निवासी विकास कुमार गौतम का विवाह लगभग 6 साल पूर्व चंदा गौतम 26 वर्ष से हुआ था। इसी बीच उसे दो संतान हुई। लेकिन ससुराल के लोग हमेशा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया करते थे। मंगलवार की शाम जब उसकी अचानक तबियत खराब हुई तब उसे बदलापुर स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। चिकित्सक ने महिला की हालत खराब होने का कारण जहर होना लिखा। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां देर रात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक सुजानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मुहकुचा गांव निवासी राम सुंदर की पुत्री है। बहन की मौत की सूचना पर पहुचे उसके भाई सोनू गौतम का आरोप है कि हमेशा ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे तरह तरह से प्रताड़ित किया करते थे। घटना वाले दिन पहले उसे बुरी तरह से मारा पीटा गया और उसे जबरदस्ती जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार को इस मामले में थानाध्यक्ष महराजगंज दिव्यप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है। मामला संदिग्ध है शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। हालांकि मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/विद्याकांत