[ad_1]

– कूनो में गामिनी मादा चीता ने दिया पांच शावकों को जन्म
भोपाल, 10 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के वन मंत्री नागर सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि देश के वन्य जीव संरक्षण के इतिहास में दस मार्च का दिन यादगार दिन होगा। आज कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीका के त्सवालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता गामिनी ने पांच शावकों को जन्म दिया है। गामिनी की उम्र लगभग 5 वर्ष है। इसके साथ ही भारत में जन्में शावकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
वन मंत्री चौहान ने पार्क प्रबंधन से जुड़े सभी स्तर के अमले को बधाई, विशेष रूप से अधिकारियों, पशुचिकित्सकों और फील्ड स्टाफ की टीम को बधाई दी, जिन्होंने चीतों को तनाव मुक्त वातावरण दिया। जिसके कारण उनका परिवार बढ़ा और स्वस्थ शावकों का जन्म हुआ। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शावकों सहित चीतों की कुल संख्या 26 है। गामिनी का परिवार सबके लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कूनो उद्यान में पाँच चीता शावकों के जन्म पर दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्याम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में शुरू किया गया ‘चीता प्रोजेक्ट’ निरंतर सफलता प्राप्त कर रहा है। कूनो में मादा चीता ‘गामिनी’ ने पांच नन्हें शावकों को जन्म दिया है, इसके साथ ही प्रदेश में चीतों की संख्या अब 26 हो गई है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि देश के हृदय प्रदेश, मध्यप्रदेश में चीतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों एवं कूनो राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश