[ad_1]

मंदसौर, 31 जनवरी (हि.स.)। जय सियाराम, मैं राहुल पिता गोविंद धाकड़ अपनी जान देने जा रहा हूं। मेरी मौत के जो जिम्मेदार हैं वह मेरे बड़े पापा गोपाल धाकड़, अंकल पीरूलाल धाकड़ और परसराम ये तीनों मेरी मौत का कारण हैं। इनकी वजह से मैं अपनी जान देने जा रहा हूं। इन्होंने मेरे परिवार को बहुत हानि पहुंचाई है। बहुत तकलीफ दी है। यह कहते हुए मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के रुणीजा निवासी राहुल पिता गोविन्द धाकड़ (26) ने मंगलवार की दोपहर को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
मरने से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर दोस्तों को भेजा था, इसमें उसने आत्महत्या के जिम्मेदार परिवार के तीन लोगों को ठहराते हुए जमीनी विवाद बताया था। मामले में पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, जिसमें मृतक के माता-पिता ने पारिवारिक विवाद होने से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार पिछले पांच सालों में परिवार में कोई विवाद ही नहीं हुआ। अब पुलिस आत्महत्या के दूसरे एंगल पर जांच कर की बात कह रही है।
सुवासरा थाना प्रभारी सिवांशु मालवीय ने बताया कि रुणीजा गांव निवासी राहुल धाकड़ ने सुवासरा में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में मृतक ने अपना बयान रिकॉर्ड किया था। 39 सेकेंड के वीडियो में मृतक ने अपने चाचाओं को मौत का जिम्मेदार बताया था।
मृतक राहुल ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर यह वीडियो बनाया और अपने दोस्तों को भेज दिया। इसके बाद उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। वीडियो के आधार पर पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की जिसमें मृतक के माता पिता ने पारिवारिक विवाद से इनकार किया है। थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि पुलिस ने अब दूसरे एंगल जांच शुरू की है।
हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया