[ad_1]

भरतपुर, 15 जनवरी (हि.स.)। भरतपुर-धौलपुर के जाट समाज ने 17 जनवरी से मुंबई रेलवे ट्रैक के पास महापड़ाव डालने की चेतावनी दी है। सरकार की ओर से आरक्षण संघर्ष समिति से वार्ता की पहल नहीं करने से नाराज जाट समाज ने नदबई विधानसभा के पिपरऊ गांव में सोमवार को आयोजित समाज की सभा में जयचौली स्टेशन पर 17 को महापड़ाव डालने का ऐलान किया है।
भरतपुर-धौलपुर के जाट समाज ने सात जनवरी को राज्य सरकार को दस दिन का समय दिया था। इसके बाद से सरकार की तरफ से अभी तक आरक्षण संघर्ष समिति से वार्ता की पहल नहीं की गई है। बारह जनवरी को आरक्षण संघर्ष समिति ने जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद सरकार की तरफ से आरक्षण संघर्ष समिति के पास वार्ता के लिए कोई नहीं पहुंचा है। ऐसे में भरतपुर-धौलपुर का जाट समाज 17 जनवरी को महापड़ाव डालने की तैयारियां कर रहा है। सोमवार को नदबई विधानसभा के पिपरऊ गांव में जाट समाज की बड़ी सभा हुई। इसमें आस-पास के कई गांवों के लोग मौजूद रहे। सभा में आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेम सिंह फौजदार ने कहा कि सभी लोग 17 जनवरी को उच्चैन इलाके के जयचौली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। जहां से वह पहले पड़ाव की शुरुआत करेंगे। आगे की रणनीति जाट समाज वहीं से तय करेगा।
भरतपुर धौलपुर के जाट समाज के लिए केंद्र में आरक्षण के लिए काफी सालों से मांग चली आ रही है। सात जनवरी को डीग जिले के जनूथर में हुंकार सभा का आयोजन किया गया था। इसमें सरकार को 10 दिन का समय दिया गया था। चेताया गया है कि जरुरत पड़ने पर मुंबई ट्रैक को भी रोका जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर
[ad_2]