[ad_1]

भोपाल , 30 जनवरी (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छा रहे हैं। इसके चलते सर्दी पर ब्रेक लगा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 5 दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ और आएंगे। इससे 5 फरवरी तक प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, बारिश नहीं होगी लेकिन दिन-रात में तेज सर्दी से जरूर राहत मिलेगी।
पश्चिमी विक्षोभ और उसके कारण छाए बादलों का असर मध्यप्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। प्रदेश में सिर्फ ग्वालियर और दतिया ही ठंडे हैं, जबकि अन्य शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से ऊपर हो गया है। प्रदेश के शहरों में न्यूनतम तापमान में भी बढ़त हुई है। बीते 24 घंटों में पचमढ़ी में 7.8°, खजुराहो में 8.8°, राजगढ़ में 9.0°, दतिया में 9.2°, नौगांव में 9.5° न्यूनतम तापमान रहा। अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही रहा है। वहीं, सोमवार को दिन का तापमान दतिया में 22.2°, पचमढ़ी में 22.6°, ग्वालियर में 22.8° को छोड़ प्रदेश के बाकी शहरों में अधिकतम तापमान 25° से ज्यादा रहा।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि 30 जनवरी और 3 फरवरी को उत्तर भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इनका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर दो दिन बाद दिखाई देगा। इनके प्रभाव से रात के टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी होगी, क्योंकि उत्तरी हवाएं नहीं आएंगी। वहीं, दिन का तापमान स्थिर रहेगा। सिस्टम की वजह से फिलहाल प्रदेश में बारिश होने की संभावना नहीं है। सिस्टम के लौटने के बाद रात के टेम्प्रेचर में गिरावट आएगी। 6-7 फरवरी की रात से पारा 2-3 डिग्री तक लुढ़क सकता है। हालांकि, कड़ाके की ठंड नहीं रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे