नई दिल्ली: वैदिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष 15 जनवरी 2024, सोमवार के दिन मकर संक्रांति पर्व मनाया जाएगा। इससे ठीक 1 दिन पहले यानि 14 जनवरी, रविवार (Lohri 2024 Date) के दिन पंजाब, हरियाणा सहित देश के कई हिस्सों में लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सिख धर्म में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है। इस पर्व के दौरान घर के बाहर या खुली जगह पर आग जलाकर इस त्यौहार को धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान आग की परिक्रमा करने के साथ-साथ उसमें तिल, मूंगफली, गजक इत्यादि अर्पित किया जाता है। आइए जानते हैं, किस शुभ मुहूर्त में मनाया जाएगा लोहड़ी का त्यौहार और इसका महत्व।
लोहड़ी 2024 शुभ मुहूर्त
लोहड़ी पर्व को विशेष रूप से संध्या काल में मनाया जाता है। इस दिन शुभ मुहूर्त की बात करें तो प्रदोष काल अर्थात संध्या काल में शुभ समय शाम 05 बजकर 34 मिनट से रात्रि 08 बजकर 12 मिनट पर समाप्त होगा। इस अवधि के बीच लोहड़ी पर्व को मनाया जा सकेगा। इस दौरान आग जलाएं और 7 से 11 बार परिक्रमा करें।
लोहड़ी पर्व का क्या है महत्व
पंजाब में और खासकर सिख धर्म में लोहड़ी का पर्व फसल की कटाई व नई फसल की बुवाई की खुशी में मनाया जाता है। इस विशेष पर्व के दौरान जलाए गए आग में रवि की फसल के रूप में रेवड़ी, तिल, मूंगफली, गजक आदि अर्पित किए जाते हैं। ऐसी भी मान्यता है कि इस दिन सूर्य देव और अग्नि देव का आभार व्यक्त किया जाता है। जिससे अच्छी फसल की कामना की जाती है। पंजाब और हरियाणा में ढोल-नगाड़ों के बीच हर्षोल्लास के साथ इस पर्व को मनाया जाता है।