[ad_1]

कोलकाता, 10 मार्च (हि.स.)। महानगर कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की ठंड बढ़ गई है। तापमान में गिरावट हो रही है। इसकी वजह है कि राज्य से सटे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है जिसकी वजह से शीतल हवाएं समतल क्षेत्रों में बह रही हैं। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से रविवार को जारी बयान में बताया गया है कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। इसके अलावा अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, झाड़ग्राम, मालदा के जिले में भी तापमान 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसकी वजह से दिन को धूप निकलते ही गर्मी लग रही है लेकिन शाम ढलते ही हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिमपोंग में हालांकि मौसम हल्का सर्द बना हुआ है। अगले हफ्ते राज्य में हल्की बारिश हो सकती है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा