[ad_1]

भोपाल, 7 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार को घेरते हुए उस पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। बुधवार को मप्र विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हुई। जिसमें राज्यपाल के अभिभाषण के बाद भाजपा के संकल्प पत्र को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से सवाल उठाए हैं।
कमलनाथ ने एक्स पर लिखा मध्य प्रदेश विधानसभा में आज महामहिम राज्यपाल महोदय के अभिभाषण से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की डॉ मोहन यादव सरकार विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए प्रमुख वादों से पीछे हट गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की जनता से तीन बड़े वादे किए थे, जिसमें पहला वादा था कि लाडली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। लेकिन आज राज्यपाल के अभिभाषण में लाडली बहना योजना में तीन हजार रुपये देने की कोई बात नहीं की गई।
कमलनाथ ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने दूसरी बड़ी घोषणा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल और तीसरी घोषणा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य तीन हजार एक सौ रुपये प्रति क्विंटल करने की की थी। लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य पर भी राज्यपाल के अभिभाषण में कोई बात नहीं कही गई। कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि स्पष्ट है कि डॉक्टर मोहन यादव सरकार मध्य प्रदेश की जनता के साथ और खासकर महिलाओं तथा किसान भाइयों के साथ खुली बेईमानी करने का इरादा रखती है और चुनाव में किए गए वादों से पलट चुकी है। यह सरासर धोखा है और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश