[ad_1]

जींद, 20 जनवरी (हि.स.)। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कनाडा जाने के लिए दिए दस्तावेजों का दुरूपयोग कर फर्जी विवाह प्रमाण पत्र तैयार कर वीजा फाइल में लगाने तथा 23 लाख 33 हजार रुपये हड़पने के आरोप में विदेश भेजने वाले दो एजेंटों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत शनिवार को मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अर्बन एस्टेट निवासी मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पटियाला निवासी विदेश भेजने वाले एजेंट प्रताप तथा भूपेंद्र को कनाडा जाने के लिए दस्तावेज दिए थे। वीजा लगवाने के लिए आरोपितों ने उसके दस्तावेजों का दुरूपयोग करते हुए उसकी शादी का फर्जी प्रमाण पत्र बनावा लिया। उसकी फर्जी शादी गांव दरोली पटियाला निवासी मनप्रीत के साथ दिखाई गई है। कनाडा के लिए आरोपित उनेसे 23 लाख 33 हजार रुपये ले चुके हैं।
फर्जीवाड़े का उस समय पता चला जब उसने कनाडा एंबेसी से वीजा से संबंधित दस्तावेज निकलवाए गए। उसमें पता चला कि गत सात मार्च को उसका विवाह प्रमाण पत्र पंजीकरण अधिकारी चंडीगढ़ से बनवाया गया है जबकि मैरिज रजिस्टे्रशन कार्यालय में सर्टिफिकेट का कोई रिकार्ड नहीं मिला। जिस गुरूद्वारे में आनंद कराज कराया दिखाया गया, वहां भी रिकाॅर्ड नहीं मिला। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दस्तावेजों का दुरूपयोग करने पर प्रताप तथा भूपेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी कागजातों का सहारा लेने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस के जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि युवक ने दस्तावेजों का दुरूपयोग कर फर्जी विवाह प्रमाण पत्र बनवाने तथा राशि हडपने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/सुमन/संजीव