[ad_1]

– बोले कादियान : समावेशी विकास है पीएम मोदी की गारंटी
झज्जर, 9 फरवरी (हि.स.)। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम कादियान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के समावेशी विकास की गंगा पूरे भारतवर्ष में बहा रहे हैं। हरियाणा अब स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में मॉडल राज्य बनने जा रहा है। रेवाड़ी एम्स की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को रखने जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज का हर जिले में इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। जिससे आमजन को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विक्रम शुक्रवार को बेरी के विश्रामगृह में जन समस्याएं सुनने के उपरांत कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा नेता विक्रम कादियान ने कहा कि सीएम मनोहर लाल योग्य प्रतिभाओं को बिना पर्ची खर्ची के नौकरी देने के रिकॉर्ड स्थापित कर रहे हैं। फिलहाल तृतीय श्रेणी के दस हजार पात्र युवाओं को रोजगार मुहैया कराया गया है।उन्होंने कहा कि भाजपा के गांव की ओर चलो अभियान से गांव में चहुंमुखी विकास के दरवाजे खुल गए हैं। हरियाणा सरकार जल संरक्षण और जल संचयन की दिशा में ठोस कदम उठा रही हैं। अटल भूजल योजना से भूमिगत जल की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है तथा सूक्ष्म सिंचाई योजना को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसके कारण लोहारू, रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ के रेतीले इलाकों में नहरी पानी पहुंच रहा है। नहरों की सभी टेलों पर नियमित पानी की आपूर्ति हो रही है।
हरियाणा में हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय को दुगना करने का भी प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गो के हितों को ध्यान में रखते हुए समान रूप से बिना भेदभाव किए विकास कार्य करवा रही है। इस मौके पर पूर्व जिला सचिव योगेश दुजाना, बेरी मंडल अध्यक्ष अशोक शर्मा व डीघल मंडल अध्यक्ष बुधराम भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार /संजीव