[ad_1]

जबलपुर , 12 मार्च (हि.स.)। गढ़ा और उजार पुरवा में दो बावड़ियों के लोकार्पण के समय कार्यक्रम में दीप प्रज्जवलन की ड्यूटी में तैनात घमापुर स्कूल की प्रभारी प्राचार्य दीप्ति शर्मा को किसी ने धक्का दे दिया। जिससे वे ऊपर से नीचे गिरीं और सीढ़ी का किनारा लगने से उनका सिर बुरी तरह फट गया। लोगों ने उन्हें तुरंत बावड़ी के पानी से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। उनको 15 टांके लगे हैं।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ता वहां बहुत उत्साह में थे इसी उत्साह के चलते यह घटना घटी। वहीं लोगों का कहना है कि दीप प्रज्वलन बावड़ी पर न रखकर स्टेज पर रखना था। लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं की जिद के कारण बावड़ी की सीढ़ी पर दीप रखा गया, जहां प्राचार्य मौजूद थीं। कुछ उत्साही लोगों ने अपने को आगे आने के लिए उन्हें चिल्लाकर अलग होने के लिए कहा। वह अलग हो पाती इसके पहले लोग जगह न होने के बावजूद वहां से निकले जिससे उन्हें धक्का लग गया और यह हादसा हो गया। फिलहाल धक्का देने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। इसके बाद मंत्री राकेश सिंह प्राचार्य को देखने अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायल प्राचार्य से मुलाकात भी की।
हिन्दुस्थान समाचार/ विलोक पाठक