[ad_1]

जबलपुर, 12 मार्च (हि.स.)। शहर के मदन महल थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे प्रेमी युगल की मंगलवार को जहरीला पदार्थ खाने के कारण मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि मदन महल क्षेत्र में अंडर ब्रिज स्थित आराध्या होटल में प्रेमी युगल रुके हुए थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे होटल के कर्मचारियों को सूचना दी कि उन दोनों ने जहर खा लिया है। होटल कर्मी कमरे के अंदर गए तो युवती की मौत हो गई थी। युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। उपचार के दौरान युवक की भी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि युवती की शिनाख्त दमोह नाका निवासी आकांक्षा गोस्वामी (22) के रूप में हुई है। युवक बजरंग नगर निवासी विपिन पटेल (28) है। दोनों के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध थे। युवती अपनी मां के साथ दमोह नाका क्षेत्र में रहती थी। पुलिस ने प्रकरण को विवेचना में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है। कोतवाली सीएसपी रितेश कुमार शिव के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच शादी की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने जहर खा लिया। घटना के संबंध में परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश