[ad_1]

पटना, 10 मार्च (हि.स.)। सीवान के पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब ने खुद या अपने बेटे ओसामा को सीवान से लोकसभा का चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रविवार को सीवान में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची हिना शहाब ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें राजद से ना तो पहले कोई नाराजगी थी और ना ही अब है। आज भी सभी दलों के लोग संपर्क में हैं।
हिना शहाब ने कहा कि सीवान की जनता उनका परिवार है। राजनीति दलों की बात करे तो वो चाहे जदयू हो, राजद हो या अन्य कोई दल हो आज भी उनका सभी दलों के साथ अच्छा संबंध हैं। उन्होंने कहा दल तो बाद में हुआ, पहले पूरा सीवान एक परिवार था।
उन्होंने कहा सीवान से वह खुद या उनका बेटा ओसामा शहाब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। पत्रकारों के सवाल पर कि क्या इस बार आपकी लड़ाई राजद से भी होंगी क्योंकि आप पहले तीन बार राजद से चुनाव लड़ चुकी है। हिना शहाब ने कहा कि, बिल्कुल नहीं, सभी लोग हमारे साथ होंगे मुझे पूरी उम्मीद है। सभी मेरे परिवार के लोग हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा