[ad_1]

—छूटे हुये लाभार्थियों के लिए गुरूवार से शुरू होगा मॉप अप राउंड
वाराणसी, 28 फरवरी (हि.स.)। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाये गये सामूहिक दवा सेवन ट्रिपल ड्रग थेरेपी आईडीए अभियान बुधवार तक संचालित किया गया। 10 से 28 फरवरी के बीच आयोजित अभियान में छूटे परिवारों को स्वास्थ्य विभाग ने एक और मौका दिया है। ऐसे परिवारों के लिए गुरूवार से मॉपअप राउंड चलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि वर्ष में एक बार चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन जरूर करना चाहिए। वेक्टर बॉर्न डिजीज नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. एसएस कनौजिया ने कहा कि आईडीए अभियान के तहत गर्भवती, दो वर्ष से छोटे बच्चे और गंभीर रूप से बीमार लोगों को छोड़कर इस दवा का सेवन सभी को करना है। यह दवा फाइलेरिया, जिसको हम हाथीपांव के नाम से भी जानते हैं, उससे सुरक्षा प्रदान करेगी। दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है। जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद पाण्डेय ने बताया कि आईडीए अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में चोलापुर में 2.45 लाख एवं जैतपुरा में 52011 आबादी को फाइलेरिया से इस बचाव की दवा का सेवन कराया जा चुका है। लक्ष्य के सापेक्ष चोलापुर में 87 प्रतिशत एवं जैतपुरा में 78 फीसदी आबादी को कवर किया जा चुका है। मॉपअप राउंड में शत-प्रतिशत लोगों को भी फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/डॉ. कुलदीप